नारी शक्ति वंदन विधेयक का संसद में आना ऐतिहासिक – श्रीमती कमलेश सारस्वत
मोदी सरकार ने नारी शक्ति को उसका वास्तविक अधिकार दिलाया
अंबागढ़ चौकी।
स्वतंत्र भारत के 76 वर्षों बाद लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभ विधायिका में महिलाओं की हिस्सेदारी नरेंद्र मोदी की सरकार ने सुनिश्चित कर महिला वर्ग को उसका अधिकार और सम्मान दिया है। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती कमलेश सारस्वत ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – यह ऐतिहासिक क्षण है। नए संसद भवन के प्रथम कार्यदिवस में भाजपा सरकार ने लोकतंत्र के प्रति अपने उत्तरदायित्व के प्रति अगाध निष्ठा का परिचय दिया है।
जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती कमलेश सारस्वत ने कहा कि - महिला आरक्षण के लिए पेश विधेयक '128वां संविधान संशोधन विधेयक 2023', जिसे मोदी सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ नाम दिया है वह लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इस विधेयक के माध्यम से लोकसभा, सभी राज्यों की विधानसभा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की विधानसभा में ‘यथांसभव एक तिहाई सीटें' महिलाओं के लिए आरक्षित होगीं। यानी अगर लोकसभा में 543 सीटें हैं, तो इनमें से 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इन सीटों पर सिर्फ महिला उम्मीदवार ही चुनाव लड़ सकेंगी। इसी तरह राज्यों की विधानसभा सीटों में भी एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
उन्होंने कहा कि – भारत की महिलाएं शताब्दी से अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत रहीं हैं। समाज में समानता का अधिकार प्राप्त करने के लिए इस वर्ग ने अपना सर्वस्व दांव पर लगाया है। अंतत: मोदी सरकार ने इस संघर्ष के परिणाम को फलीभूत किया है। अब भारतीय राजनीति को नया आयाम मिलेगा जिसमें महिलाओं की भागीदारी से वैश्विकपटल पर देश को इसका लाभ मिलेगा।
श्रीमती सारस्वत ने कहा कि – नारी शक्ति ने प्रत्येक जिम्मेदारियों का निर्वहन अपना सौ प्रतिशत देकर किया है। लक्ष्य के प्रति उनकी लगन और एकाग्रता का कोई सानी नहीं है। बलिदान और त्याग के लिए तत्पर रहनी वाली स्त्रियां सदैव ही नया अध्याय गढ़ती रही हैं। उन्हें उनका वास्तविक अधिकार मिलना हर्ष का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ के लिए प्रशंसा की पात्र है। पूरे देश की महिलाएं आभारी हैं।
*मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट*
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.