विश्व कप में भारत की लगातार छठवीं जीत , इंग्लैंड को 100 रन से हराया
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
लखनऊ - आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 का 29वां मुकाबला आज भारत और इंग्लैंड के बीच लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुये भारत ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाये। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रनों पर ही ढेर हो गई और टीम इंडिया ने इस मैच को 100 रनों से जीत लिया। इस तरह से भारत ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में लगातार छठवी जीत हासिल की है। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 20 साल बाद हराया है। टीम आखिरी बार वर्ष 2003 में डरबन के मैदान पर 82 रन से जीती थी।
आज के इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुये टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। भारत बनाम इंग्लैंड के बीच विश्व कप के इस मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 101 गेंद में 87 रन की पारी खेली है। उन्होंने इस पारी में 10 चौके और 03 छक्के भी लगाये। रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 18000 रन पूरे कर लिये हैं। उन्होंने इंग्लैड के खिलाफ 47 रन बनाते ही इस मुकाम को हासिल कर लिया है। केएल राहुल ने भी रोहित शर्मा का अच्छा साथ दिया है। राहुल ने 58 गेंद में 39 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 47 गेंद में 49 रन बनाकर पारी को सम्हाला , हालांकि वे अपने अर्धशतक से चूक गये। इस मुकाबले में विराट कोहली के प्रदर्शन ने फैंस को निराश किया , वे शून्य पर आऊट हो गये। वहीं भारत के ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल फिर फ्लॉप हो गये और सिर्फ 09 रन बनाकर आउट हो हुये। अय्यर का भी बल्ला नहीं चला और वे भी 16 गेद में सिर्फ 04 रन बना सके। अंत में बुमराह ने 16 और कुलदीप यादव ने नाबाद 09 रन बनाकर भारत को 09 विकेट पर 229 तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड के लिये डेविड विली तीन विकेट झटके , वहीं क्रिस वोक्स और आदिल रशीद ने दो विकेट हासिल किये जबकि मार्क वुड एक विकेट लिये। वहीं अपनी जीत के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतरी इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन पर ही ढेर हो गई। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने चार विकेट लिये , वहीं जसप्रीत बुमराह ने तीन और कुलदीप यादव ने दो विकेट चटकाये जबकि रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला।
इंडिया प्लेइंग इलेवन -
रोहित शर्मा (कप्तान) , शुभमन गिल , विराट कोहली , श्रेयस अय्यर , केएल राहुल (विकेटकीपर) , सूर्यकुमार यादव , रवींद्र जड़ेजा , कुलदीप यादव , मोहम्मद शमी , जसप्रित बुमरा , मोहम्मद सिराज।
इंगलैंड प्लेइंग इलेवन -
जॉनी बेयरस्टो , डेविड मालन , जो रूट , बेन स्टोक्स , जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर) , लियाम लिविंगस्टोन , मोइन अली , क्रिस वोक्स , डेविड विली , आदिल राशिद, मार्क वुड।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.