जिला सिवनी मध्यप्रदेश
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत दलसागर तालाब की हुई साफ - सफाई
सी एन आई न्यूज
सिवनी / प्रदेश शासन द्वारा जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से विगत 05 जून से आगामी 16 जून तक विशेष अभियान जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में जन समुदाय के सहयोग से अभियान चलाकर जलसंरचनाओं की साफ-सफाई एवं जीर्णोंध्दार का कार्य किया जाएगा। इसी महत्वाकांक्षी अभियान के तारतम्य में सिवनी जिलें में आज शुक्रवार 07 जून को श्रमदान कार्यक्रम के माध्यम से जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक दलसागर तालाब की साफ-सफाई का कार्य किया गया।
इस कार्य मे विधायक दिनेश राय, जिला भाजपा अध्यक्ष आलोक दुबे, कलेक्टर क्षितिज सिंघल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित सभी शासकीय विभागों के कार्यालय प्रमुखों एवं अधीनस्थ अधिकारी- कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं स्कूली तथा कॉलेज के छात्र- छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में नगरवासियों की सहभागिता रही। जिला प्रशासन के आव्हान पर प्रातः सभी 6:30 बजे दलसागर तालाब पहुँचे। संपूर्ण दलसागर तालाब को सेक्टरवार विभाजित कर सैकड़ो नागरिकों के दल ने तालाब की सफाई कर तालाब में मौजूद प्लास्टिक, खरपतवार, कचरे को हटाया। दलसागर के सफाई अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता तथा सक्रिय भागीदारी से कुछ ही घण्टे में तालाब की तस्वीर बदली- बदली दिखाई देने लगी। कलेक्टर ने पुनित कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जनों की सराहना की एवं आमजनों से दल सागर तालाब एवं आस-पास के क्षेत्र को साफ रखने तथा गंदगी न करने की अपील की गई।
जिला ब्यूरो छब्बी लाल कमलेशिया की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.