जिला सिवनी मध्यप्रदेश
12 अगस्त से बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे ग्राम दमपुरी वासी
सी एन आई न्यूज सिवनी /घंसौर दिनांक 11/08/2024 विकासखंड घंसौर अंतर्गत ग्राम पंचायत पद्दीकोना के आश्रित ग्राम दमपुरी के बच्चों को आवागमन वाले मार्ग की पुलिया क्षतिग्रस्त होने की वजह से शिक्षा के लिये शासकीय प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र दमपुरी तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान नाले में पानी अधिक होने की वजह से स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र आने जाने में बच्चों की जान का जोखिम बना रहता है। बताया गया है कि ग्राम दमपुरी के मध्य स्थित हीरागढ़ी नाले पर बनी पुलिया वर्ष 2010 में बाढ़ के पानी के कारण बह गई थी। उक्त क्षतिग्रस्त पुलिया का आज पर्यंत तक निर्माण नहीं कराया गया है।
हीरागढ़ी नाले के दूसरी तरफ स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है, बारिश में पानी अधिक होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्थानीय लोगों के रोजगार आदि प्रभावित हो रहे है। पुलिया का नवनिर्माण नहीं होने की वजह से ग्रामवासियों को हो रही परेशानी के मद्देनजर विगत 5 अगस्त को पेशा एक्ट की ग्रामसभा आयोजित की गई जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार 12 अगस्त तक क्षतिग्रस्त पुलिया को लेकर उचित समाधान नहीं किया गया तो ग्रामवासी अपने बच्चों को पढ़ने के लिए प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र दमपुरी नहीं भेजेंगे। इस सार्वजनिक तथा अतिमहत्वपूर्ण समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्ताव की जानकारी से सीईओ जिला पंचायत सिवनी, एसडीएम घंसौर, डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र सिवनी, डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय सिवनी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सिवनी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत घंसौर को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया है।
जिला ब्यूरो छब्बी लाल कमलेशिया की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.