आईजी गर्ग ने ली बजट के वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा बैठक
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा जिला दुर्ग , बालोद और बेमेतरा के विभिन्न मदों के तहत उपलब्ध कराये गये बजट के वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बजट के सही उपयोग और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिये कि कर्मचारियों के मेडिकल और यात्रा भत्ते के बिल अनावश्यक रूप से लंबित ना रहें और समय पर उनका भुगतान सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित बिलों के शीघ्र निपटारे के लिये विशेष ध्यान दिया जाये ताकि कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। इसके अतिरिक्त बैठक में विभिन्न मदों के अंतर्गत किये गये खर्च और उनके दस्तावेज़ीकरण पर भी चर्चा की गई। आईजी गर्ग ने यह भी निर्देश दिये कि भविष्य में सभी वित्तीय कार्यवाही समय सीमा एवं कुशलता के साथ किये जाये। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि बजट की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाये और इसकी रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाये। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में वित्तीय प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी और अपने विचार साझा किये। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों से सुझाव भी मांगे और उन्हें सुधारात्मक उपायों को लागू करने के लिये प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अलेक्जेंडर किरो डीएसपी दुर्ग , राजेश कुमार झा डीएसपी बेमेतरा , सुश्री नवनीत कौर डीएसपी बालोद सहित अन्य कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.