महाकुंभ में उदित मुनि ने लिया पुरी शंकराचार्यजी से आशीर्वाद
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
प्रयागराज - नवोदित वंशाचार्य परम पूज्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहब महाकुंभ मेला प्रयागराज में ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्रीनिश्वलानंद सरस्वतीजी महाराज से मिलने सेक्टर 19 संगम लोअर मार्ग स्थित उनकी छावनी पहुंचे। वंशाचार्य साहब ने महाराजश्री को पुष्प एवं वस्त्र भेंट कर उनका स्नेहाशीर्वाद प्राप्त किया। शंकराचार्यजी ने कहा कि संत समाज में सद्गुरु कबीर साहब की एक विशिष्ट छवि है। हम लोग रोज मंगलाचरण में सद्गुरु कबीर साहब के पद गाते हैं। उन्होंने आगे बताया कि सद्गुरु कबीर साहब ने मगहर में अंतर्यान होकर लोगों का भ्रम दूर किया। पहले लोगों में यह भ्रांति थी कि स्वर्ग प्राप्ति के लिये काशी में शरीर त्यागना आवश्यक है और जो मगहर में देह त्यागेगा , उसे नरक जाना पड़ेगा। अंत में पुरी शंकराचार्यजी ने नवोदित वंशाचार्य साहब से कहा कि आप अल्प आयु में इतनी बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और आपका भाव बहुत अच्छा है , मेरी शुभकामनायें आपके साथ हैं। इस कार्य में सफलता निश्चित है। हमारा सहयोग और समर्थन आपके साथ है , आप हमारे साथ संपर्क में रहियेगा। नवोदित वंशाचार्य साहब और महाराजश्री के बीच आधे घंटे तक चर्चा हुई। भेंट के समापन पर वंशाचार्य साहब ने उन्हें सद्गुरु कबीर साहब के कई ग्रंथ उपहार स्वरूप भेंट किये और उन्हें अपनी छावनी में पधारने का निमंत्रण भी दिया। इसकी जानकारी पुरी शंकराचार्य आश्रम के मीडिया प्रभारी अरविन्द तिवारी ने दी।
पुलिस प्रशासन का मिल रहा पूरा सहयोग -
दामाखेड़ा में उपद्रवियों के पत्थरबाजी की घटना के बारे में पूछे जाने पर उदितमुनि ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल तत्काल आश्रम पहुंचकर पुलिसकर्मियों को शांति व्यवस्था बनाने हेतु अतिआवश्यक निर्देश दिये। पुलिस प्रशासन ने घटना पर तत्परता दिखाते हुये दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके अलावा दामाखेड़ा में पुलिस सहायता केन्द्र भी खोला गया , अभी वहां पर स्थिति शांतिपूर्ण है और पहले की तरह ही आश्रम में सभी धार्मिक आयोजन निर्विघ्न तरीके से संपन्न हो रहे हैं।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.