CNI News तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट
श्मशान घाट बना कचरा घर
तिल्दा नेवरा वार्ड 22 में नगर पालिका कर रही लापरवाही, बदबू और गंदगी सेबीमारी फैलने से लोग परेशान
नगर के वार्ड क्रमांक 22 में स्थित श्मशान घाट का हाल दिनों-दिन बदतर होता जा रहा है। यहां नगर पालिका की गाड़ियाँ लगातार शहर का कचरा डाल रही हैं, जिससे परिसर और आसपास का इलाका गंदगी व बदबू से भर गया है। अंतिम संस्कार जैसे धार्मिक कार्य के लिए आने वाले लोगों को श्रद्धा और शांति के वातावरण के बजाय असुविधा, दुर्गंध और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
बस्ती तक फैल रही बदबू
------------------------------
श्मशान घाट से मात्र 100 मीटर की दूरी पर बस्ती स्थित है। वहां के लोगों का कहना है कि बदबू इतनी ज्यादा फैल रही है कि घरों के दरवाज़े-खिड़कियाँ बंद करने पर भी राहत नहीं मिलती। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएँ सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी बिगड़ जाते हैं, क्योंकि नमी और गंदगी मिलकर दुर्गंध को कई गुना बढ़ा देती है।
बीमारियों का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की गंदगी और सड़ते कचरे से डेंगू, मलेरिया, टायफाइड, हैजा और दस्त जैसी बीमारियाँ फैलने का खतरा बढ़ जाता है। गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप तेजी से फैल सकता है। वहीं लगातार दुर्गंध से श्वसन संबंधी रोग और त्वचा संक्रमण का भी खतरा मंडरा रहा है।
पार्षद का बयान
वार्ड पार्षद ग्वालिन बाई सतनामी ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि “मैंने कई बार नगर पालिका कर्मचारियों को यहां कचरा डालने से मना किया है, लेकिन वे बार-बार श्मशान घाट के पास ही कचरा डालते हैं। इससे आसपास की बस्ती में रहने वाले लोग गंभीर स्वास्थ्य संकट से गुजर रहे हैं।”
वार्ड वासियों की मांग
श्मशान घाट के पास कचरा फेंकना तत्काल बंद किया जाए।
नियमित सफाई व्यवस्था और कीटनाशक का छिड़काव किया जाए।
श्मशान घाट परिसर को स्वच्छ और सम्मानजनक रूप दिया जाए।
वार्ड वासियों की चेतावनी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे और नगर पालिका का घेराव करेंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और धार्मिक स्थल की गरिमा से जुड़े इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लिया जाए।
नगर पालिका अधिकारी का जवाब
मुख्य नगर पालिका अधिकारी को जब इस स्थिति के बारे में अवगत कराया गया तो उनका कहना था सफाई व्यवस्था जल्द ही दुरुस्त कर ली जाएगी लेकिन यह मात्र आश्वासन ही प्रतीत होता है


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.