रायपुर में वंशगुरु गद्दी स्थापना दिवस एवं भादो पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए भाटापारा विधायक इन्द्र साव
राजधानी रायपुर के प्रकाश कुंज कटोरा तालाब परिसर में रविवार को वंशगुरु गद्दी स्थापना दिवस एवं भादो पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब के दर्शन-भेंट, बंदगी का लाभ श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। पंथ श्री ने अपनी बाणी से कबीर संप्रदाय की शिक्षाओं को उजागर करते हुए समाज को सत्य, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
महोत्सव में भाटापारा विधायक श्री इन्द्र साव विशेष रूप से शामिल हुए और पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “कबीर पंथ हमें सादगी, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज की पीढ़ी को कबीर साहेब की शिक्षाओं से सीख लेकर समाज में भाईचारा और एकता स्थापित करनी चाहिए।”
वंशगुरु गद्दी स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि “यह गद्दी केवल आध्यात्मिक मार्ग ही नहीं दिखाती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को नैतिक मूल्यों और सेवा-भाव की शिक्षा भी देती है। कबीर साहेब की वाणी हमें समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।”
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया, मुकेश साहू, प्रेम साहू सहित बड़ी संख्या में कबीर पंथी उपस्थित रहे। सुबह से ही भंडारे और भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पंथ श्री की बाणी से प्रेरणा प्राप्त की।
CNI NEWS छत्तीसगढ़ से हितेश मानिकपुरी के साथ ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.