गौ सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु केवल साहू का पुलिस विभाग ने किया सम्मान
बलौदाबाजार जिला पुलिस प्रशासन द्वारा समाज में शांति, नशा मुक्ति और जनसेवा के साथ-साथ गौ संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय नागरिकों को प्रोत्साहित करने का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में ग्राम स्तर पर इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को अपराध नियंत्रण में सहयोग देने, नशे से दूर रहने और गौ सेवा जैसे मानवीय कार्यों में भागीदारी हेतु प्रेरित करना है।
इसी क्रम में केवल साहू, जिन्होंने लंबे समय से गौ सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य किया है, को जिला पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया। केवल साहू का प्रयास न केवल पशु संरक्षण तक सीमित है, बल्कि वे समय-समय पर घायल, बीमार और बेसहारा गौ माताओं की सेवा में भी लगे रहते हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता स्वयं मौजूद रहीं। उन्होंने केवल साहू को हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि समाज में ऐसे संवेदनशील नागरिकों की भूमिका अमूल्य है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग बढ़ाने के लिए इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “गौ सेवा और नशा मुक्ति जैसे अभियान तभी सफल होंगे जब आमजन स्वयं आगे आएँ। पुलिस प्रशासन ऐसे लोगों को सदैव सम्मानित करता रहेगा जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।”
इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने केवल साहू को इस सम्मान के लिए बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन समाज में नशा मुक्ति, अपराध नियंत्रण और गौ सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देकर किया गया।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.