किरवई गौधाम में पीठाधीश्वर ज्योतिर्मयानंद जी महाराज का पावन आगमन, गौ सेवा व संरक्षण पर दिया संदेश
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत किरवई के गौधाम में आज का दिन आध्यात्मिक और सामाजिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जब सपाद लक्ष्मेश्वर धाम (सलधा) के पीठाधीश्वर ज्योतिर्मयानंद जी महाराज अपने शिष्यगणों सहित गौधाम पहुंचे। ग्रामीणों एवं गौसेवकों ने पारंपरिक विधि-विधान से उनका स्वागत किया।
महाराजश्री ने गौधाम परिसर का निरीक्षण कर वहां की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं और उनकी पूजा, सेवा एवं रक्षा करना हम सभी का परम धर्म है।
उन्होंने आगे कहा कि आज समाज में गौ संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है, इसलिए हर व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने गौधाम के संचालन में भागीदारी करने वाले सभी ग्रामीणों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं।
ज्योतिर्मयानंद जी महाराज ने यह भी कहा कि गौधाम सिर्फ पशुओं का आश्रय स्थल नहीं, बल्कि एक संस्कार और सेवा केंद्र है, जहाँ मानवता, करुणा और धर्म का मिलन होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे गौधाम से जुड़कर सेवा कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर भागवत आचार्य प्रकाश शर्मा जी, सरपंच प्रतिनिधि उमेश सायतोड़े, हेमलाल साहू, गनपत साहू, उमेश निषाद, तुषार मानिकपुरी, बाबूलाल साहू, किशोर देवांगन, राकेश मिश्रा, दामोदर देवांगन, प्रहलाद मिश्रा, सूरज यदु सहित अनेक गौ सेवक और ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने गौधाम में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी सेवा और संरक्षण की दिशा में साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में महाराजश्री को शाल-श्रीफल एवं मां चितावरी देवी की छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। गौधाम परिसर में भक्ति, सेवा और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.