पशु तस्कर पुलिस के शिकंजे में, 10 गोवंश (भैंस-भैंसा) मुक्त — तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलाईगढ़।
जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सलिहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 गोवंश (भैंस-भैंसा) को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सलिहा उपनिरीक्षक पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दो वाहनों को पकड़ा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो महिंद्रा वीरो वाहन क्रमांक CG 06-HC-8567 (स्लेटी) एवं CG 04-QM-0269 (सफेद) में भैंस एवं भैंसा मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर बिलाईगढ़ से उड़ीसा ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें एक वाहन में 2 भैंस व 3 भैंसा तथा दूसरे में 2 भैंस व 3 भैंसा कुल 10 पशु क्रूरतापूर्वक भरे पाए गए।
वाहन चालकों से पशु परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर देहाती नालसी दर्ज कर आरोपियों के कब्जे से 10 नग मवेशी (कुल अनुमानित मूल्य 17,30,000 रुपये), दोनों वाहन एवं 4 मोबाइल फोन (कीमत 16,300 रुपये) जप्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति की कीमत 17,46,300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी
1. सूरज गुप्ता (42 वर्ष), निवासी कोमाखान सुवरमाल, जिला महासमुंद
2. भीखम सिन्हा (25 वर्ष), निवासी बिहाझर, थाना बागबहरा, जिला महासमुंद
3. कबीर खान (25 वर्ष), मूल निवासी आगरा (उ.प्र.), वर्तमान निवास ट्रांसपोर्ट नगर, रायपुर
को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देकर आरोपियों को माननीय जेएमएफसी न्यायालय बिलाईगढ़ में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक पुरेन्द्र मल्होत्रा, सहायक उपनिरीक्षक देवनारायण साहू सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.