सोनपुर (उड़ीसा) से गांजा डीलर गिरफ्तार, सरिया पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना में बड़ी सफलता
बिलाईगढ़।
थाना सरिया पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए उड़ीसा के सोनपुर जिले से एक गांजा डीलर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को एनडीपीएस प्रकरणों में एंड-टू-एंड विवेचना के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर सफेद रंग की आर्टिगा कार (क्रमांक CG 14 MT 0296) से 10 किलो 270 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया था। वाहन चालक मुकेश यादव निवासी बगीचा, जशपुर के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने गांजा सोनपुर (उड़ीसा) से खरीदना स्वीकार किया था।
प्रकरण की गहन एंड-टू-एंड विवेचना, कॉल डिटेल विश्लेषण एवं तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने उड़ीसा के सोनपुर जिले के ग्राम गोधनेश्वर, थाना सुबलिया निवासी 30 वर्षीय विष्णु चरण खम्हारी पिता पदु खम्हारी को 20 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मुकेश यादव को गांजा बिक्री करना स्वीकार किया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, टीकाराम पटेल, सुरेंद्र सिदार, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा, नर्मदा यादव तथा साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी, दीपक मैत्री सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
सरिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.