छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय काव्य लेखन में मोहन वर्मा को प्रथम पुरस्कार
तिल्दा नेवरा = काव्य कलश कला एवं साहित्य मंच, खरसिया (जिला रायगढ़) के तत्वावधान में संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास के मानवतावादी संदेश “मनखे-मनखे एक समान” पर आधारित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय काव्य लेखन प्रतियोगिता के सातवें वर्ष का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ग्राम अल्दा (जिला रायपुर) निवासी मोहनलाल वर्मा ने उत्कृष्ट काव्य रचना के लिए प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान गजानंद पात्रे “सत्यबोध” (बिलासपुर) तथा तृतीय स्थान डॉ. गोकुल बंजारे “चंदन” (बेमेतरा) ने प्राप्त किया। पुरस्कार स्वरूप विजेताओं को स्मृति चिन्ह, शाल, प्रशस्ति पत्र एवं साहित्यिक पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, मुड़पार (सिमगा) में पदस्थ शिक्षक मोहनलाल वर्मा (प्रभारी प्रधान पाठक) अंचल के सुविख्यात कवि, छंदकार एवं समाजसेवी हैं। वे विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पूर्व में भी सम्मानित हो चुके हैं। इसी सत्र में उन्हें छत्तीसगढ़ के राजभवन दरबार हाल में महामहिम राज्यपाल, माननीय मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के करकमलों से “राज्य शिक्षक सम्मान” से भी अलंकृत किया गया है।
राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ भर से बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी रचनाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरस्कार वितरण सम्मान-समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन सिविल लाइन, रायपुर स्थित वृन्दावन हॉल में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाषा बेहार (सचिव, छ.ग. राजभाषा आयोग) रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश नारायण बंजारे (उपाध्यक्ष, काव्य कलश मंच खरसिया) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंगत रवीन्द्र (वरिष्ठसाहित्यकार, कोरबा) एवं अनामिका संजय अग्रवाल (अ.भा.मा. महिला सम्मेलन) उपस्थित रहीं।
निर्णायक एवं विशिष्ट अतिथियों में मनमोहन सिंह ठाकुर (खरसिया), रामेश्वर शर्मा (रायपुर), डॉ. पी.सी. लाल यादव (गंडई), अजय अमृतांशु (भाटापारा) एवं मनीराम साहू “मितान” (सिमगा) शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन
प्रियंका मिश्रा (अध्यक्ष, काव्य कलश मंच) एवं वेद राम चौहान (सलाहकार) ने किया।
शिक्षक वर्मा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवारजनों, इष्ट-मित्रों, साहित्यप्रेमियों, सामाजिक जनों, ग्रामवासियों एवं शाला परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए हर्ष व्यक्त किया।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.