राजस्व रिकॉर्ड के मुद्दे पर विधायक का सरकार से सीधा सवाल, सदन में सराही गई सक्रियता
सारंगढ़-बिलाईगढ़। विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने बिलाईगढ़ विकासखंडों में ऑनलाइन और ऑफलाइन राजस्व अभिलेखों की विसंगतियों का मुद्दा मजबूती से उठाकर सरकार को घेरने का प्रयास किया। उन्होंने राजस्व मंत्री से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि क्या तहसील कार्यालयों में संधारित ऑफलाइन मिसल और ऑनलाइन ‘भुईया’ पोर्टल के रिकॉर्ड में अंतर के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने रिकॉर्ड दुरुस्ती, फौती और नामांतरण प्रकरणों में हो रही देरी तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर भी सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। उनके सवालों को सदन में गंभीरता से लिया गया और इसे क्षेत्र के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण मुद्दा माना गया।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने जवाब में कहा कि जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड में अत्यधिक भिन्नता नहीं है तथा त्रुटि सुधार का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में 5,496 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4,646 का निराकरण किया जा चुका है और 850 आवेदन लंबित हैं। साथ ही मार्च-अप्रैल 2026 में विशेष शिविर/राजस्व पखवाड़ा आयोजित करने की घोषणा भी की गई।
क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े मुद्दे सीधे किसानों और जमीनधारकों से जुड़े होते हैं, ऐसे में इस विषय को सदन में प्रमुखता से उठाना जनहित में महत्वपूर्ण कदम है। विधायक की पहल से लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की उम्मीद बढ़ी है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.