कला और साहित्य के क्षेत्र में बनसाँकरा का नाम रोशन, खिबीराम साहू “संपादक सम्मान” से सम्मानित
बलौदाबाजार जिला सिमगा के अंतर्गत ग्राम बनसाँकरा के लिए गर्व और हर्ष का क्षण तब आया जब गाँव के युवा साहित्य साधक खिबीराम साहू को राज्य स्तरीय साहित्य सम्मेलन में प्रतिष्ठित “संपादक सम्मान” से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें कला एवं साहित्य के क्षेत्र में विशेष लगाव, निरंतर सक्रियता और सृजनात्मक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हमर गँवई गाँव साहित्य एवं कला मंच छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रायपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
राज्य स्तरीय साहित्य सम्मेलन, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह 2026 में प्रदेश भर से साहित्यकार, कलाकार, संपादक, कवि एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव अभिलाषा बेहार उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा और लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने में ग्रामीण प्रतिभाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने खिबीराम साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि साहित्य और संस्कृति से जुड़ेगी तो हमारी परंपराएँ और अधिक सशक्त होंगी।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात खिबीराम साहू ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे ग्राम बनसाँकरा और क्षेत्र की सामूहिक प्रेरणा का परिणाम है।
उन्होंने अपने गुरुओं, वरिष्ठ साहित्यकारों और ग्रामवासियों के मार्गदर्शन को इस सम्मान का आधार बताया। उन्होंने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि वे आगे भी छत्तीसगढ़ी भाषा, लोककला और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस उपलब्धि से बनसाँकरा सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है। जैसे ही सम्मान की खबर गाँव पहुँची, ग्रामीणों ने मिठाई बाँटकर अपनी खुशी जाहिर की। बुजुर्गों ने इसे गाँव के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि इससे अन्य युवाओं को भी रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलेगी।
वरिष्ठ साहित्यकार मनीराम साहू, मिनेश साहू,ईश्वर साहू बंधी एवं कन्हैया साहू अमित ने खिबीराम साहू को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनकी कला और साहित्य के प्रति निष्ठा अनुकरणीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिबीराम भविष्य में भी अपनी लेखनी और संपादकीय कार्यों से समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर विजय साहू, अशोक साहू, गेवेंद्र साहू, पदुम साहू, ढेलूराम साहू, हरिराम वर्मा, अभिषेक साहू, कोमल वर्मा, चन्द्रविजय देवांगन, डिलेराम साहू, डेकसिंह चौहान, नोहर साहू, शेखर लहरी एवं अभिषेक शर्मा सहित अनेक ग्रामवासी और शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सम्मान ने न केवल बनसाँकरा, बल्कि सिमगा क्षेत्र का भी नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उचित मंच और प्रोत्साहन की। खिबीराम साहू की सफलता निश्चित रूप से आने वाले समय में क्षेत्र की नई पीढ़ी को साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट






















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.