स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव
राजनांदगांव। विकासखंड राजनांदगांव अंतर्गत स्वास्थ्य पंचायत योजना एवं समुदाय निगरानी कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन – जनसंवाद 2026 का भव्य आयोजन सिंघोला स्टेडियम, राजनांदगांव में किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन बहनें, पंचायत पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव शामिल हुईं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण किसी भी समाज की मजबूत नींव होते हैं। पंचायत स्तर पर जनभागीदारी से ही स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्रीमती वैष्णव ने आगे कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को सजग एवं सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने स्वास्थ्य पंचायत के माध्यम से ग्राम स्तर पर स्वच्छता अभियान, कुपोषण मुक्ति, टीकाकरण जागरूकता एवं सामुदायिक निगरानी को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्प चन्द्राकर, जिला पंचायत सभापति श्रीमती देव कुमारी साहू, जनपद सदस्य श्रीमती खुशबू राकेश साहू, ग्राम पंचायत सिंघोला के सरपंच श्री मुकेश कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य जागरूकता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों की स्वास्थ्य संबंधी उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। जनसंवाद सत्र में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे एवं सुझाव साझा किए, जिनके निराकरण हेतु अधिकारियों ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति, मितानिन कार्यक्रम, विकासखंड राजनांदगांव द्वारा किया गया। सम्मेलन ने स्वास्थ्य के प्रति सामुदायिक सहभागिता को नई दिशा देते हुए ग्रामीण विकास के संकल्प को मजबूत किया।
सीएन आई न्यूज के लिए संतोष सहारे के साथ विजय निषाद की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.