सेक्टर स्तरीय बैठक : शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुधार की एक पहल
छपारा, चमारी खुर्द - सिवनी मध्यप्रदेश।
जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला के कुशल निर्देशन तथा छपारा विकासखंड समन्वयक अनिल चौरे के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था परिवर्तन सोशल फाउंडेशन द्वारा सेक्टर क्रमांक 03, चमारी खुर्द में सेक्टर स्तरीय बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुधार से जुड़े विषयों पर समुदाय को जागरूक करना तथा सामाजिक संगठनों को सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना रहा।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों को उनके सामाजिक दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। समाज सशक्तिकरण के लिए विभिन्न गतिविधियों के संचालन तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया गया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल घर तक सीमित न रहकर पूरे गांव एवं क्षेत्र की जिम्मेदारी है। लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण विषय पर वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण को आवश्यक बताते हुए आगामी समय में विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई। गिरते जलस्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए वर्षा जल संचयन तथा जल के सदुपयोग पर विशेष जोर दिया गया और समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
वित्तीय साक्षरता एवं प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ एवं रैली का आयोजन भी किया गया, जिसमें नशे के सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
बैठक में सभी सदस्यों ने समाज हित में निरंतर कार्य करने एवं आपसी सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव प्रमोद कुमार परते द्वारा किया गया। अंत में संस्था के अध्यक्ष रोहित शेरिया ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही मिडिल स्कूल चमारी में शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.