किसान होंगे 13 मार्च को पुनः आर्थिक रूप से सशक्त
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जांजगीर-चाम्पा जिले के किसानों के लिये बड़ी खबर है। आगामी 13 मार्च को योजना की 22 वीं किस्त जारी की जायेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आसाम के गुवाहाटी से शाम पांच बजे देश भर के पात्र किसानों को डीबीटी के माध्यम से दो-दो हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित करेंगे। इससे जिले के 01 लाख 24 हजार पात्र किसान इस योजना से लाभान्वित होंगे। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में देश के लगभग 09.32 करोड़ किसानों के खातों में कुल 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा रही है। जिले में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जायेगा , जिसके तहत विभिन्न ग्रामों में किसान बैठकों और लाईव प्रसारण की व्यवस्था की जायेगी। पीएम किसान सम्मान निधि की सबसे बड़ी खूबी इसकी पारदर्शिता है। राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है , जिससे किसी भी तरह की बिचौलिये की भूमिका या भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो गई है। जिले के किसान अब अपनी खेती की जरूरतों जैसे खाद और बीज के लिये इस राशि का उपयोग कर सकेंगे , जिससे ना केवल खेती की खर्च में कमी आयेगी बल्कि किसान भी आर्थिक रूप से सशक्त होगा। कृषि विभाग के उप संचालक कृषि राकेश कुमार शर्मा ने अपील की है कि किसान जल्दी से जल्दी एग्रीस्टेक पोर्टल पर अपना फार्मर आईडी बनवाते हुये ई-केवाईसी और आधार सीडिंग का कार्य तत्काल पूर्ण कर लेंवें ताकि किस्त राशि मिलने में कोई बाधा ना आये। फार्मर आईडी , ई-केवाईसी और आधार सीडिंग के लिये किसान भाई च्वाईस सेंटर या सी.एस.सी. सेंटर एवं कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.