नाव से शराब तस्करी करते आरोपी गिरफ्तार, 135 लीटर महुआ शराब जब्त
सरिया, 16 मार्च। सरिया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाव के माध्यम से शराब तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 135 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त नाव जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की खरीदी-बिक्री और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना सरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को 16 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि उड़ीसा के महुलपाली घाट से महानदी के रास्ते नाव में भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर एक व्यक्ति ग्राम तोरा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महानदी घाट, ग्राम तोरा के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को नाव सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरेंद्र माझी (32 वर्ष), पिता कीर्तन माझी, निवासी महुलपाली थाना रेंगाली जिला झारसुगुड़ा (उड़ीसा) बताया। तलाशी के दौरान नाव में रखी पांच बोरियों से 750 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, प्रत्येक पाउच में 180 मिलीलीटर शराब भरी थी। कुल 135 लीटर शराब की कीमत लगभग 27 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त नाव (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) सहित कुल 47 हजार रुपये का माल जब्त किया।
आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, भोजराम नट तथा आरक्षक दिलीप स्नेही, दिगंबर पटेल, ताराचंद, लक्ष्मी पटेल, सूरज सिदार सहित पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.