शराब दुकानों की मनमानी पर फूटा गुस्सा, प्रति पौवा 20 रुपए अतिरिक्त वसूली का आरोप
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत हथबंद में शराब दुकानों पर तय कीमत से अधिक वसूली को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में हथबंद थाना पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
क्रांति सेना के पदाधिकारियों का आरोप है कि शराब दुकानों में खुलेआम ओवररेट पर बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रति पौवा पर करीब 20 रुपए अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं, जबकि अंग्रेजी शराब में 50 से 60 रुपए तक ज्यादा कीमत ली जा रही है। इससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और दुकानदारों की मनमानी बढ़ती जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कई बार मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके चलते उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए ओवररेट शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए।
इस दौरान संयोजक संतोष साहू, ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर जांगड़े, राकेश, हेमलाल और रामबिलास सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
क्रांति सेना ने चेतावनी दी है कि यदि 30 मार्च तक ओवररेट बिक्री बंद नहीं की गई, तो 2 अप्रैल 2026 को हथबंद स्थित शराब दुकान का घेराव किया जाएगा। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.