दिनांक : 19.03.2026
जिला : विदिशा मध्यप्रदेश।
पुलिस पंचायत में सीनियर सिटीजन की पीड़ा—कहीं करोड़पति तो कहीं गरीब बुजुर्ग, सभी न्याय की आस में पहुंचे
70 वर्षीय मां को घर से बेदखल करने का मामला पहुंचा पुलिस पंचायत, संपत्ति व अधिकारों पर दी गई सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में गठित पुलिस पंचायत की साप्ताहिक बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं पंचायत कोर कमेटी सदस्य श्री आर. कुलश्रेष्ठ, श्री प्रमोद व्यास, श्री विनोद शाह, श्री अतुल शाह एवं डॉ. सचिन गर्ग की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई कर बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान किया गया।
बैठक में ऐसे प्रकरण सामने आए जिनमें कोई आर्थिक रूप से संपन्न तो कोई अत्यंत गरीब बुजुर्ग था, लेकिन सभी किसी न किसी प्रकार की पारिवारिक, संपत्ति या सामाजिक समस्या से परेशान पाए गए।
प्रकरण क्रमांक 01:
गंजबासौदा निवासी एक सीनियर सिटीजन ने शिकायत की कि उनके बेटे बाहर रहते हैं तथा एक रिश्तेदार उन पर दबाव बनाकर धमकाता है। हाल ही में वाहन से पीछा कर भय उत्पन्न करने का प्रयास भी किया गया। प्रकरण में आवेदक को वैधानिक कार्रवाई की जानकारी दी गई तथा थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। अन्य पक्ष को आगामी तिथि में उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रकरण क्रमांक 02:
हम्मालपुरा निवासी एक अकेली बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि उनका जर्जर मकान शहर के मध्य स्थित होने से अत्यधिक मूल्यवान है, जिसके कारण पड़ोसी उन्हें मात्र 03 लाख रुपये में मकान बेचने हेतु परेशान कर रहा है। पंचायत द्वारा महिला को उनके संपत्ति संबंधी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा स्पष्ट किया गया कि किसी भी दबाव में आने की आवश्यकता नहीं है। अनावेदक को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में किसी प्रकार का दबाव या उत्पीड़न न किया जाए।
प्रकरण क्रमांक 03:
एक सीनियर सिटीजन महिला ने बताया कि पति की मृत्यु के पश्चात अनुकंपा नियुक्ति में कार्य करने के बाद अब वह सेवानिवृत्त हैं। उनका पुत्र दूसरी महिला को घर लाया है, जो उन्हें प्रताड़ित करती है तथा उनकी पेंशन राशि भी निकाल ली जाती है। पंचायत द्वारा महिला के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्पष्ट किया गया कि मकान आवेदिका का है तथा विवाद की स्थिति में अन्य पक्ष को मकान खाली करना होगा। प्रकरण की पुनः सुनवाई आगामी तिथि पर की जाएगी।
प्रकरण क्रमांक 04:
गंजबासौदा निवासी 70 वर्षीय महिला ने शिकायत की कि उनके पति के नाम पर शासकीय आवास भूमि पर बने मकान को उनके बेटे ने छलपूर्वक अपने नाम करा लिया है तथा उन्हें घर में रहने नहीं दे रहा है। पंचायत द्वारा महिला को सिविल अधिकारों के तहत राहत प्राप्त करने की जानकारी दी गई तथा पुत्र को चेतावनी दी गई कि मां के रहने के अधिकार से वंचित करने की स्थिति में उसे संपत्ति से बेदखल भी किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त अन्य प्रकरणों में भी सुनवाई की गई तथा अनुपस्थित पक्षकारों के मामलों में आगामी तिथि निर्धारित की गई। पुलिस पंचायत द्वारा स्पष्ट किया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.