एसपी विजय पाण्डेय कल अमोरा में करेंगे महिला कमाण्डो का गठन
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - जिले के नवागढ़ विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अमोरा (महन्त) में जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (आईपीएस) कल 07 मार्च शनिवार को विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। संध्याकालीन आयोजित इस कार्यक्रम में वे अपनी पुलिस टीम की उपस्थिति में गांव में महिला कमाण्डो का गठन कर टीम को उनके कर्त्तव्य , आत्मरक्षा तकनीक एवं सुरक्षा विषयक मार्गदर्शन देंगे। उल्लेखनीय है कि समाज में तेजी से बढ़ रहे नशे के चलन के कारण आजकल घरेलू अत्याचार की घटनायें भी अपनी चरम सीमा पर है , इसका सबसे ज्यादा असर हमारी भावी पीढ़ी पर पड़ रहा है। पुलिस लगातार इन मुद्दों को लेकर नशे पर नकेल कसने जागरुकता अभियान चला रही है। ग्राम पंचायत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों , साइबर अपराध से बचाव , सामुदायिक पुलिसिंग , सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और नशा मुक्ति अभियान की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जायेगा। एसपी पाण्डेय द्वारा दिशानिर्देश देकर महिला कमांडो को अपने-अपने वार्ड और ग्राम में जागरूकता अभियान चलाकर कानून व्यवस्था मजबूत करने और नशामुक्ति के लिये सक्रिय और सशक्त बनाया जायेगा। इसके पश्चात पुलिस प्रशासन के पूर्ण सहयोग से महिला कमाण्डो गांव में गश्त कर अपराध रोकने व नशा मुक्ति अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.