ग्राम पंचायत सरोरा में सचिव विष्णु देवांगन का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह
तिल्दा नेवरा = रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सरोरा में पंचायत सचिव विष्णु देवांगन के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत परिसर में सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू तथा पंचायत के पंचगणों की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने देवांगन का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग दस वर्षों तक ग्राम पंचायत सरोरा में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं।
अपने कार्यकाल के दौरान विष्णु देवांगन ने गांव के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे गांव के अनेक परिवारों को विभिन्न योजनाओं से लाभ मिला। उनके शांत और सरल स्वभाव के कारण ग्रामीणों के बीच उनकी विशेष पहचान बनी रही।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि देवांगन जी हमेशा लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर रहते थे। उनके सहयोगात्मक व्यवहार और कार्यशैली ने ग्राम पंचायत में सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विदाई समारोह के दौरान भावुक माहौल भी देखने को मिला। इस अवसर पर अपने संबोधन में विष्णु देवांगन ने ग्राम पंचायत सरोरा के सरपंच, पंचगणों और समस्त ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राम सरोरा में बिताया गया उनका समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार अध्याय रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग और स्नेह के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.