आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से दुर्व्यवहार: सरपंच-सचिव और शिक्षक पर गंभीर आरोप, मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा बेलमुड़ी केंद्र
बिलाईगढ़।
ग्राम पंचायत सोनियाडीह के आश्रित ग्राम बेलमुड़ी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सरपंच दिलहरण यादव, सचिव एवं स्कूल शिक्षक अश्वनी कुर्रे व भूपेंद्र निराला द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगे हैं। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बच्चों और कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल बाउंड्रीवाल के बाहर स्कूल के लिए खुदवाया गया बोर सूखा है, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र के लिए लगाए गए बोर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षक स्कूल बंद होने के बाद बोर की बिजली सप्लाई का सर्किट निकाल देते हैं और सुबह स्कूल खुलने के समय पुनः जोड़कर पानी का उपयोग करते हैं, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र में पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो रही है।
आंगनबाड़ी केंद्र में न तो बिजली की व्यवस्था है, न शौचालय, न ही बाउंड्रीवाल और पीने के पानी की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है। इन समस्याओं के चलते छोटे-छोटे बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस संबंध में सरपंच और सचिव से शिकायत की, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। आरोप है कि उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया और पंचायत मामलों में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ने शासन से मांग की है कि केंद्र में बिजली, शौचालय, बाउंड्रीवाल एवं पर्याप्त पानी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
उक्त मुद्दों पर जानकारी लेने के लिए मीडिया द्वारा सरपंच एवं सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्कूल की व्यवस्था कब तक सुधर पाती है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.