वरिष्ठ नागरिकों के लिए मंत्रालय में अलग खिड़की की मांग, सचिव को सौंपा ज्ञापन।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर-भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए मंत्रालय में प्रवेश पत्र बनाने हेतु पृथक खिड़की व्यवस्था की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने सामान्य प्रशासन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव अविनाश चंपावत से मंत्रालय कक्ष में भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
प्रांताध्यक्ष ने सचिव को केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा सार्वजनिक संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक एवं सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने संबंधी निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बुजुर्गों को आम नागरिकों के साथ लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें अत्यधिक शारीरिक असुविधा एवं परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महासंघ ने मांग की है कि वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स के लिए मंत्रालय में प्रवेश पत्र बनाने हेतु अलग खिड़की की व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रवेश पत्र काउंटर के पास पेयजल की समुचित व्यवस्था एवं छायादार शेड का निर्माण भी किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
सचिव अविनाश चंपावत ने महासंघ की मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मुख्य सुरक्षा अधिकारी को ज्ञापन तत्काल प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.