बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान अंतर्गत सहसपुर लोहारा में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का हुआ आयोजन
कवर्धा, 01 अप्रैल 2026। बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के सभागृह में बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में पंचायत सचिवों, सरपंचों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत में परियोजना अधिकारी सहसपुर लोहारा, सुश्री रीना ठाकुर द्वारा बाल विवाह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों, शिकायत दर्ज करने हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों तथा पंचायत स्तर पर आवश्यक रजिस्टर संधारण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा श्री शिव कुमार साहू ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने अभियान की सफलता हेतु सभी से सक्रिय सहयोग एवं सतत प्रयास करने की अपील की। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई से श्री अविनाश सिंह ठाकुर एवं सुश्री प्रिंसी गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं, मिशन शक्ति से श्री धनसाय साहू की उपस्थिति रही। कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति प्रशिक्षित करना था, जिससे समाज से इस कुप्रथा का समूल उन्मूलन सुनिश्चित किया जा सके।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.