बढ़ती गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट ,लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
तेज धूप से बचने, सिर एवं शरीर ढककर रखने व तरल पदार्थ का अधिक सेवन करने की अपील।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर -छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित लू (हीट स्ट्रोक) की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इस परामर्श में लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है, तब हीट वेव की स्थिति बनती है और इसका प्रभाव विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों पर अधिक पड़ता है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस मौसम में बिना जरूरी कार्य के दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण जैसे तेज बुखार, सिर दर्द, चक्कर आना, उल्टी या अत्यधिक कमजोरी दिखाई दे, शरीर का तापमान बढ़ जाए और पसीना न आए या अत्यधिक प्यास के साथ पेशाब कम हो, तो इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए। उन्होंने बताया कि लू लगने की स्थिति में पीड़ित को तुरंत ठंडी जगह पर लिटाना चाहिए, उसके सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखनी चाहिए और उसे पानी, ओआरएस, पना या लस्सी जैसे तरल पदार्थ पिलाने चाहिए। यदि स्थिति गंभीर हो तो बिना विलंब किए अस्पताल ले जाना आवश्यक है, क्योंकि समय पर उपचार होना चाहिए।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.