रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
नवाचार की ओर कदम: खरोरा के छात्रों ने रोबोटिक्स में दिखाई प्रतिभा
खरोरा, :- पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, खरोरा के विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रोबोटिक्स शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शिविर का संचालन सीएसवीटीयू, भिलाई के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री नचिकेत तपस द्वारा किया गया।
शिविर के प्रथम दिवस विद्यार्थियों को रोबोटिक्स की आधारभूत जानकारी दी गई। उन्हें रोबोट के कार्य सिद्धांतों से अवगत कराते हुए सरल रोबोट के संचालन का प्रदर्शन कराया गया।
साथ ही 3D प्रिंटिंग तकनीक के माध्यम से रोबोट के पुर्जों के निर्माण की प्रक्रिया समझाई गई, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का परिचय मिला।
द्वितीय दिवस प्रशिक्षण पूर्णतः व्यावहारिक रहा, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न सेंसरों एवं रोबोट के घटकों की जानकारी दी गई। उन्होंने स्वयं रोबोट के पुर्जों को जोड़ना, प्रोग्रामिंग करना तथा उसे संचालित करना सीखा। इस दौरान विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
तृतीय एवं अंतिम दिवस विद्यार्थियों ने ऑब्स्टेकल सेंसर बॉट का सफल सिमुलेशन किया। इसके पश्चात आयोजित लाइन फॉलोअर बॉट समस्या समाधान प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप एक रोबोटिक बॉट प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज, वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन, विज्ञान व्याख्याता रीतारानी वर्मा एवं भौतिकी व्याख्याता पारुल पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
यह रोबोटिक्स शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें तकनीकी क्षेत्र में नवाचार के लिए प्रेरित किया तथा व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.