खेत की आग ने मचाया तांडव, घर में रखा लाखों का टेंट हाउस का सामान जलकर राख
तेज हवा से फैली आग, दमकल समय पर नहीं पहुंची; ग्रामीणों और डायल-112 की मदद से पाया काबू
रंजीत बंजारे CNI NEWS बेमेतरा शुक्रवार दोपहर खेत में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नवागढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुरी में तेज हवा के कारण आग फैलते हुए सीधे देव यादव के घर तक पहुंच गई, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का टेंट हाउस का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत रमपुरा के आश्रित ग्राम जैतपुरी में कुछ बच्चे खेलते हुए खेत की ओर गए थे। उन्होंने देखा कि खेत में खरपतवार जलाने के लिए लगाई गई आग हवा के साथ तेजी से फैल रही है। बच्चों ने तुरंत दौड़कर देव यादव को सूचना दी – दादा, आपके घर में आग लग गई है।
कुछ ही सेकंड में आग ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि घर के अंदर रखे टेंट, कुर्सी, टेबल, टेंट हाउस का अन्य सामान और घरेलू सामान को बचाना मुश्किल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मिनटों में सबकुछ धू-धू कर जलने लगा।
दमकल नहीं पहुंची, ग्रामीण बने सहारा
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। सरपंच देवेंद्र सिंह वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए संबलपुर चौकी को सूचना दी और खुद पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे। कोटवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
इधर, सूचना मिलते ही जिले की डायल-112 पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई, लेकिन ग्रामीणों की सूझ-बूझ और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
लाखों का नुकसान, किसान परिवार सदमे में
आग से देव यादव के घर में रखे टेंट हाउस का पूरा सामान जलकर राख हो गया। अनुमान है कि नुकसान लाखों रुपये में है। पीड़ित परिवार सदमे में है और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेत में खरपतवार जलाने की घटनाएं अक्सर तेज हवा के कारण बेकाबू हो जाती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फसल अवशेष और खरपतवार जलाने पर सख्त निगरानी रखी जाए और गांवों में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था मजबूत की जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.