कलेक्टर ने पांडुलिपि सर्वेक्षण दल को किया सम्मानित
भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा के संरक्षण को बताया सामूहिक दायित्व
तिल्दा नेवरा -- भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञानभारतम मिशन” के अंतर्गत प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों, अभिलेखों एवं दुर्लभ पोथियों के संरक्षण, सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सर्वेक्षकों एवं संरक्षकों को मंगलवार को रायपुर स्थित रेडक्रास भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने तिल्दा सहित जिले की विभिन्न सर्वेक्षण टीमों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा विश्व की अमूल्य धरोहर है। इन प्राचीन पांडुलिपियों में हमारे ऋषि-मुनियों का ज्ञान, दर्शन, साहित्य एवं सांस्कृतिक चेतना निहित है, जिनका संरक्षण हम सभी की नैतिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “ज्ञानभारतम मिशन” भारतीय विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन एवं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाते हुए सर्वेक्षण दलों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
ज्ञानभारतम मिशन के अंतर्गत तिल्दा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वेयरों में आशुतोष देवांगन (एसडीएम, राजस्व तिल्दा), रवि कुमार (सीईओ, जनपद पंचायत तिल्दा), सुनील कुमार शर्मा (पंचायत सचिव, ग्राम सांकरा) एवं विष्णु प्रसाद देवांगन (सचिव, ग्राम पंचायत मोहदा) को सम्मानित किया गया।
वहीं पांडुलिपियों के संरक्षण एवं संवर्धन में विशेष योगदान देने हेतु आचार्य पं. नंदकुमार शर्मा जी (निनवा वाले) तथा पंडित रामकृष्ण शुक्ला जी को भी प्रशस्ति-पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संरक्षकों द्वारा इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक अभियान में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
समारोह में जिला नोडल अधिकारी एवं नगर निगम उपायुक्त रायपुर डॉ. अंजली शर्मा, जिला समन्वयक डॉ. कामिनी बावनकर तथा डीएमसी अरुण शर्मा ने सम्मानित सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिलाषा पैकरा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने तिल्दा टीम के सम्मानित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
CNI News तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.