रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने वाला आरोपी बेटा गिरफ्तार
रायपुर, 26 मई 2026: राजधानी रायपुर के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना क्षणिक विवाद और आक्रोश का नतीजा बताई जा रही है।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई की रात करीब 9:00 बजे वार्ड क्रमांक 04 की है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू (33 वर्ष) और उसके पिता संतू कोठारी के बीच घर में दूसरों को बुलाकर शराब पीने और पिलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी बीरेन्द्र ने गुस्से में आकर घर में रखे लकड़ी के भारी डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण बुजुर्ग पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
साक्ष्य छिपाने की भी कोशिश की
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने की साजिश रची। उसने सबूत मिटाने के उद्देश्य से घटनास्थल पर फैले खून को साफ किया और पिता के शव को खाट (चारपाई) पर लिटा दिया, ताकि मामला सामान्य मौत का लगे।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी बेटे बीरेन्द्र कोठारी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 227/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
CNI NEWS तिल्दा नेवरा से अजय नेताम की रिपोर्ट >


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.