मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की सोमनाथ सांस्कृतिक तीर्थ यात्रा, 26 जून तक श्रद्धालु करेंगे ज्योतिर्लिंग के दर्शन
छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आयोजित सोमनाथ सांस्कृतिक तीर्थ यात्रा के तहत सोमवार को रायपुर से श्रद्धालुओं का जत्था गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को शुभारंभ किया और सभी यात्रियों के सुखद एवं मंगलमय प्रवास की शुभकामनाएं दीं।
यह निःशुल्क तीर्थ यात्रा 22 जून से 26 जून तक संचालित होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु देश के प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। शासन की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी तीर्थ दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।
बलौदाबाजार जिले से नोडल अधिकारी इंद्रकुमार वर्मा के नेतृत्व में जिले के 21 श्रद्धालुओं का दल इस यात्रा में शामिल हुआ। दल में सिमगा से परस पटकर, साकलोर से सुमन वर्मा, सुमन यादव, कसडोल से चंद्रिका पटेल, तीजराम विश्वकर्मा, सिमगा से सतीश (सीटू) जैन ओंकार साहू सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।
रवाना होने से पहले यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बताया कि शासन की इस योजना के माध्यम से उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल सोमनाथ धाम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति होगी।
चार दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी अवलोकन करेंगे। 26 जून को यात्रा पूर्ण कर सभी श्रद्धालु सकुशल छत्तीसगढ़ लौटेंगे। शासन द्वारा यात्रा के लिए आवागमन, भोजन, ठहरने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.