पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का समारोहपूर्वक समापन
छुरिया -संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार तथा जिला आयुष अधिकारी राजनांदगांव डॉ. शिल्पा मिश्रा के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मन्दिर (आयुष) कनेरी में दिनांक 17/06/2026 से 21/06/2026 तक आयोजित पंच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आज समारोहपूर्वक समापन हुआ।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांव के सरपंच श्री मदनलाल यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सक डॉ. मेघा मेश्राम ने की। इस अवसर पर पंचगण, मितानिन बहनें एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
शिविर के अंतिम दिन *योग प्रशिक्षक श्रीमति करुणा सुरसावंत द्वारा सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। फार्मासिस्ट श्री दिलीप साहू एवं पी.टी.एस. शैलेन्द्र कंवर का विशेष सहयोग रहा। प्रतिदिन योगाभ्यास के पश्चात अंकुरित चना-मूंग एवं औषधीय काढ़ा का वितरण किया गया।
डॉ. मेघा मेश्रामने बताया कि पांच दिवसीय शिविर में 80 से अधिक ग्रामीणों ने नियमित रूप से भाग लिया। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने नियमित योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि सरपंच श्री मदनलाल यादव ने कहा कि आयुष विभाग की यह पहल सराहनीय है। गांव में इस तरह के शिविर से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रतिदिन योग करने का संकल्प दिलाया गया।
सीएन आई न्यूज के लिए विजय निषाद की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.