डीएमएफ योजना के तहत ग्राम पंचायत उड़ेला में किसानों को कृषि सामग्री का वितरण, 50 प्रतिशत अनुदान का मिला लाभ
सिमगा:- किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ने एवं कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत उड़ेला में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) योजना के अंतर्गत कृषि सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के किसान भाइयों को 50 प्रतिशत अनुदान पर स्प्रेयर, स्प्रिंकलर पाइप सेट, जैविक खाद, जिंक तथा विभिन्न प्रकार की कृषि उपयोगी दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सिमगा के जनपद प्रतिनिधि ऋषिकांत (बबलू) पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर आधुनिक तकनीकों को अपनाना चाहिए, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन में वृद्धि हो सके।
उन्होंने कहा कि स्प्रिंकलर एवं स्प्रेयर जैसे उपकरणों के उपयोग से पानी और दवाइयों की बचत होती है तथा फसलों की बेहतर देखभाल संभव हो पाती है। वहीं जैविक खाद और सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और फसलों की गुणवत्ता में सुधार होता है।
इस अवसर पर उपसरपंच नरेश साहू, पंच अश्वनी कुमार वर्मा, दिनेश निर्मलकर, तरुण पांसे, उदेराम निर्मलकर, लोकनाथ साहू, चुन्नीलाल साहू, मोगरा साहू, संदीपा वर्मा तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती राखी माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को कृषि उपकरणों के सही उपयोग एवं फसल प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की।
योजना का लाभ प्राप्त करने वाले किसानों में नरेश साहू, भूपेंद्र वर्मा, थानुराम निर्मलकर, हुमेश्वर साहू, वीरेंद्र वर्मा, बेदराम कोसले, प्रेमिनबाई साहू, गणेश ध्रुव, तोरण निषाद सहित अनेक किसान शामिल रहे। किसानों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अनुदान पर कृषि सामग्री उपलब्ध होने से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी और खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं किसान उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार की योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.