पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह स्वयं उतरे सड़क पर, इंटरसेप्टर वाहन संचालित कर की ऑनलाइन चालानी कार्रवाई
यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश, जागरूकता और प्रवर्तन दोनों पर दिया जोर
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) स्वयं सड़क पर उतरे। उन्होंने कवर्धा शहर के अंबेडकर चैक में इंटरसेप्टर वाहन का निरीक्षण करते हुए स्वयं वाहन में बैठकर उसकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई भी की।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने यातायात पुलिस को नियमित रूप से जागरूकता अभियान संचालित करने, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चैक-चैराहों पर लोगों को नियमों की जानकारी देने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान यातायात प्रभारी आरआई श्री पुष्पेन्द्र सिंह उपस्थित थे।
अंबेडकर चैक पर निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने इंटरसेप्टर वाहन में उपलब्ध आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली और स्वयं उपकरणों का संचालन कर वाहनों की निगरानी की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने इंटरसेप्टर वाहन की तकनीकी क्षमताओं, ऑनलाइन चालान प्रणाली तथा सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे स्थानों पर नियमित जांच अभियान संचालित किए जाएं।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि किसी परिवार की खुशियां छीन लेने वाली घटनाएं होती हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपायों का पालन करे तो बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने आगे कहा कि यातायात नियमों का पालन करने वाला नागरिक न केवल स्वयं सुरक्षित रहता है, बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा में भी योगदान देता है। कबीरधाम पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जागरूकता और प्रवर्तन दोनों स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है। नियमों का पालन करने वालों का सम्मान किया जाएगा और नियमों की अवहेलना करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.