पखांजूर/कांकेर से CNI NEWS शंकर सरकार की रिपोर्ट। मो-6268535584
कापसी : कापसी साप्ताहिक बाजार में ट्रैफिक जाम से लोग परेशान, बाजार समय भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग।
रविवार को लगने वाले कापसी साप्ताहिक बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। बाजार क्षेत्र की सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहन खड़े रहने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जाम की स्थिति के कारण कई लोगों को अपने घर एवं गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। बाजार क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर वाहन खड़े कर लोग बाजार में चले जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित होता है। उनका कहना है कि यदि बाजार के दौरान सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के दौरान कम से कम दो घंटे के लिए ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों की बाजार क्षेत्र में एंट्री पर प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमले की तैनाती की जाए, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का मानना है कि उचित पार्किंग और यातायात प्रबंधन से कापसी साप्ताहिक बाजार में आने वाले हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी तथा बाजार की व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.