पखांजूर/कांकेर से CNI NEWS शंकर सरकार की रिपोर्ट। मो-6268535584
पखांजूर : छोटेकापसी में नए पुलिस थाना की मांग तेज, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने गृह मंत्री को सौंपा आवेदन।
कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड अंतर्गत तेजी से विकसित हो रहे छोटेकापसी क्षेत्र में नए पुलिस थाना की स्थापना की मांग तेज हो गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कापसी अजय बाछाड़ ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को छोटेकापसी में नवीन पुलिस थाना खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि छोटेकापसी और आसपास के दर्जनों पी.वी. गांवों की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों के लिए पखांजूर सहित अन्य दूरस्थ थानों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि छोटेकापसी क्षेत्र एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक एवं शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहां बड़े बाजार, बैंक और शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में क्षेत्र में स्थायी पुलिस थाना की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
इसके अलावा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशीलता को देखते हुए अपराध नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय स्तर पर पुलिस थाना स्थापित करना आवश्यक बताया गया है। साथ ही छोटेकापसी को नगर पंचायत बनाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं, जिससे प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की जरूरत और बढ़ गई है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय बाछाड़ ने गृह मंत्री से जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छोटेकापसी में नवीन पुलिस थाना स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि यह मांग पूरी होती है तो क्षेत्र की जनता इसे एक ऐतिहासिक निर्णय के रूप में देखेगी और इससे सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.