नल-जल योजना में लापरवाही से ग्रामीण परेशान, सड़कें खोदकर छोड़ने का आरोप
बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले बिलाईगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भंडोरा में नल-जल योजना के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच केशव साहू ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर योजना में गंभीर लापरवाही तथा सड़क क्षति का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत में नल-जल योजना के अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन आज तक ग्रामीणों के घरों में न तो नल कनेक्शन लगाए गए हैं और न ही नियमित जलापूर्ति की कोई व्यवस्था शुरू की गई है। इससे योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उपसरपंच ने आरोप लगाया है कि योजना के कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा गांव की कई सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत द्वारा कई बार संबंधित ठेकेदार को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा नल-जल योजना को पूर्ण रूप से संचालित कर ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामवासियों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन भंडोरा में योजना की धीमी प्रगति और कथित लापरवाही के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.