गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर छबील सेवा में शामिल हुए मोक्ष कुमार प्रधान
महासमुंद/बसना। सिख धर्म के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर बसना में सिख समाज द्वारा श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ छबील (मीठे ठंडे शरबत का लंगर) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी कार्यक्रम में शामिल हुए तथा श्रद्धालुओं के साथ राहगीरों एवं आमजनों को शरबत पिलाकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
मोक्ष कुमार प्रधान ने गुरु अर्जन देव जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या, सेवा और मानवता की अनुपम मिसाल है। गुरु साहिब का बलिदान हमें सदैव धर्म, सेवा, भाईचारे और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच छबील सेवा का आयोजन मानवता की सच्ची सेवा है, जिससे लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश भी प्रसारित होता है।
कार्यक्रम के दौरान सिख समाज के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को याद किया तथा मीठे ठंडे शरबत का वितरण किया। राहगीरों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने गुरु अर्जन देव जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा सेवा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना से ओत-प्रोत रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.