बिलाईगढ़ का अधूरा गौरव पथ: आखिर जनता को कब मिलेगी राहत?
तहसील, एसडीएम, जनपद पंचायत और रजिस्ट्री कार्यालय तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल
बिलाईगढ़।
नगर के बंगलाभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन गौरव पथ सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी हुई है। यह सड़क केवल एक सामान्य मार्ग नहीं, बल्कि तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, रजिस्ट्री कार्यालय तथा कॉलेज जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। इसके बावजूद निर्माण कार्य की अधूरी स्थिति ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं। पिछले 2 साल से कार्य अधर में लटका है। गर्मी के दिनों में राहगीरों एवं व्यापारी धूल डस्ट से परेशान रहे और अब कुछ ही दिन बाद बरसात आने वाली है बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा है, वहीं गर्मी के मौसम में उड़ती धूल राहगीरों और आसपास के व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बना रहा। सड़क की आधे अधूरे स्थिति के चलते दुर्घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य आखिर अब तक पूरा क्यों नहीं हो पाया? जब यह मार्ग सीधे प्रशासनिक कार्यालयों तक पहुंचता है, तब भी जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं में इसका स्थान पीछे क्यों है?
जनता के बीच यह चर्चा भी तेज हो रही है कि सड़क निर्माण की निगरानी और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने में संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। निर्माण एजेंसी, तकनीकी अधिकारियों तथा जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को इस विषय पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि कार्य में देरी का वास्तविक कारण क्या है और सड़क कब तक पूर्ण रूप से बनकर तैयार होगी।
नगरवासियों का मानना है कि विकास के दावों की वास्तविक परीक्षा जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले कार्यों से होती है। यदि प्रशासनिक कार्यालयों तक पहुंचने वाला प्रमुख मार्ग ही वर्षों तक अधूरा पड़ा रहे तो विकास के दावों पर स्वाभाविक रूप से सवाल उठना लाजिमी है।
जनता के प्रमुख सवाल
गौरव पथ निर्माण कार्य अब तक अधूरा क्यों है?
निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की जवाबदेही तय कब होगी?
कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा क्या थी और उसका पालन क्यों नहीं हुआ?
आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही?
जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इस विषय पर सार्वजनिक जवाब कब देंगे?
नगरवासियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गौरव पथ निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा देरी के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और बिलाईगढ़ के विकास की तस्वीर धरातल पर दिखाई दे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.