कलश यात्रा और वृक्षारोपण के साथ मनाया गया सतगुरु कबीर साहेब का प्रगट उत्सव, चक्रवाय में गूंजा सत्य और मानवता का संदेश
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चक्रवाय में रविवार, 21 जून को सतगुरु कबीर साहेब का प्रगट उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रद्धालुओं ने सतगुरु कबीर साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए सत्य, समानता, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई। इसके बाद कबीर वाणी का पाठ, सत्संग एवं भजन-कीर्तन आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत कबीर साहेब ने अपने जीवनकाल में जाति-पांति, ऊंच-नीच, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए मानवता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद, लड्डू एवं रसना (शीतल पेय) का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एसकेडीवी मिशन के जिला प्रतिनिधि कुशल साहू एवं अनिल साहू सहित ग्रामीण प्रतिनिधि देवचरण रजक, कमलेश निषाद, दिनेश कुमार, धरमदास मानिकपुरी, पांचों निर्मलकर, लता निषाद, उमेंद्र निषाद, घनश्याम रजक, देवनाथ रजक, विजय निषाद, मंगल पुजारी, अशोक, भारती, सावित्री, मोगरा, मनटोरा, रेखा, कुसुम, राधाबाई एवं राजकुमारी निषाद का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक प्रार्थना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को संतों के आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.