दिनांक 19.06.2026
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने बैंक शाखा प्रबंधकों की बैठक लेकर साइबर अपराध रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश।
साइबर अपराधियों को पकड़ने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण- डीआईजी (DIG) श्री रामकृष्ण साहू।
बैंक में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता और थाना-पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल-112 नंबर लिखवाने के दिए गए निर्देश।
----------------------------------
साजा बेमेतरा, 19 जून 2026:- पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने साइबर अपराध की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कार्यालय बेमेतरा के मीटिंग हॉल में जिले के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक ली।
बैठक में बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस-बैंक समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में डीआईजी (DIG) श्री रामकृष्ण साहू ने बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी संधारित की जाए, बैंक परिसर के भीतर एवं बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में रहें तथा उनके रिकॉर्डर सुरक्षित स्थान पर रखे जाएं। सुरक्षा गार्डों का नियमित चरित्र सत्यापन कराया जाए और उनके हथियार कार्यशील स्थिति में हों। बैंक के खुलने एवं बंद होने का समय निर्धारित हो तथा सायरन भी चालू अवस्था में रखा जाए।
उन्होंने बिना सुरक्षा गार्ड वाले एटीएम को रात्रि में बंद रखने, बैंक परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों द्वारा चेहरा ढंककर, हेलमेट या स्कार्फ पहनकर आने पर विशेष निगरानी रखने तथा इस संबंध में बैंक के बाहर सूचना-पट्ट लगाने को कहा। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी (DIG) श्री रामकृष्ण साहू ने कहा कि साइबर अपराधियों को पकड़ने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यदि पुलिस द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने में विलंब होता है तो अपराधियों के फरार होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए बैंक प्रबंधक पुलिस को आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बैंक खाते खोलते समय ग्राहकों के दस्तावेजों का सत्यापन, प्रारंभिक पूछताछ तथा संबंधित व्यक्ति की उपस्थिति में ही खाता खोलने के निर्देश दिए। साथ ही आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करने, संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तत्काल खाते को होल्ड करने तथा बड़े एवं असामान्य वित्तीय लेन-देन पर विशेष निगरानी रखने को कहा। लोन स्वीकृति के मामलों में भी संबंधित व्यक्ति की व्यक्तिगत तस्दीक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बैंक प्रबंधकों को बैंक परिसर में साइबर अपराध से बचाव संबंधी जागरूकता फ्लैक्स लगाने तथा थाना, चौकी, पुलिस कंट्रोल रूम और डायल-112 के नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आमजन एवं बैंक कर्मचारी तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें।
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचाव हेतु सतर्क रहें, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर दें।
बैठक में डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा सहित जिले के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधक गजेन्द्र उइके, विकाश कुमार शर्मा, देवाशीष, आशीष साय, जितेन्द्र देवांगन, रवि तिवारी, अखिलेश साहू, तोमेश्वर, बी. ए. राहुल, तिरेन्द्र प्रताप, ज्योति, आशीष तिवारी, साइबर सेल प्रधान आरक्षक लोकेश सिंह, आरक्षक पंचराम घोरबंधे सहित जिले के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.