पीआरएसयू की मेरिट सूची में बिलाईगढ़ का परचम, शासकीय महाविद्यालय के दो विद्यार्थियों ने टॉप-10 में बनाई जगह
बिलाईगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में बिलाईगढ़ के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा बी.एससी. सत्र 2025 की जारी विश्वविद्यालय स्तरीय मेरिट सूची में शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय, बिलाईगढ़ के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।
जारी मेरिट सूची के अनुसार गणित संकाय के मेधावी छात्र लेविश भान ने विश्वविद्यालय में छठवां स्थान प्राप्त किया है, वहीं बायो संकाय की छात्रा दीक्षा देवांगन ने दसवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में एक साथ दो विद्यार्थियों का स्थान बनाना महाविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस सफलता से महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम माना जा रहा है। महाविद्यालय लगातार शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मित्रा ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। विज्ञान प्रभारी उमाशंकर भारद्वाज, सहायक प्राध्यापक (गणित) सुश्री अन्नू केवरा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नगर के शिक्षाविदों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी है। इस सफलता से न केवल महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है, बल्कि पूरे बिलाईगढ़ क्षेत्र को भी गौरवान्वित होने का अवसर मिला है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.