नेवारी स्कूल में 14 वर्षीय बालिकाओं को लगाया गया निःशुल्क एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारी में भारत सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की महत्वाकांक्षी पहल के तहत 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण के साथ-साथ छात्राओं को सर्वाइकल (बच्चेदानी के मुंह) के कैंसर से बचाव, टीकाकरण के लाभ, सुरक्षा एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई।
जिला अध्यक्ष (स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ) विजय कुमार साहू ने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष सर्वाइकल कैंसर के लगभग 80 हजार नए मामले सामने आते हैं, जबकि करीब 42 हजार महिलाओं की मृत्यु इसी बीमारी के कारण हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण और भविष्य में इसे समाप्त करने के उद्देश्य से शासन द्वारा स्वैच्छिक एवं निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारियों द्वारा स्कूलों में जाकर 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। पहले यह सुविधा केवल जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर तक विस्तारित कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को भी आसानी से इसका लाभ मिल रहा है।
टीकाकरण से पूर्व छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ और संभावित सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाती है तथा अभिभावकों की सहमति प्राप्त होने के बाद ही टीका लगाया जाता है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखना है।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीमा कंवर ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं आरएचओ अनीता चतुर्वेदी द्वारा सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारी के प्राचार्य एन. के. वर्मा, श्रीमती सोम मैडम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का कार्यक्रम के सफल आयोजन में सराहनीय सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ उठाकर अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.