सकारात्मक आश्वासन के बाद छत्तीसगढ़ मनरेगा/वि बी - जी राम जी कर्मचारी महासंघ ने 2 से 4 जुलाई की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित की।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर- 02 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ मनरेगा/वि बी - जी राम जी कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने 1 जुलाई को माननीय उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा तथा मनरेगा आयुक्त से सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में महासंघ की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांगों, विशेष रूप से मानव संसाधन (HR) पॉलिसी लागू करने, ग्राम रोजगार सहायकों (GRS) की संविदा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वेतन/मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान माननीय उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री ने महासंघ की मांगों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर HR Policy, ग्राम रोजगार सहायक संविदा, वेतन वृद्धि एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णायक कार्यवाही की जाएगी। वहीं, मनरेगा आयुक्त ने भी इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होने का विश्वास दिलाया तथा VB-GRAM-G योजना के सफल शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निकट भविष्य में विभागीय स्तर पर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ पुनः विस्तृत चर्चा करने की सहमति प्रदान की।
महासंघ ने इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों, ग्राम रोजगार सहायकों, कार्यालयीन कर्मचारियों, की एकजुटता, अनुशासन और निरंतर संघर्ष का परिणाम है।
महासंघ ने शासन से प्राप्त सकारात्मक आश्वासन एवं आगामी विभागीय चर्चा को दृष्टिगत रखते हुए 2, 3 एवं 4 जुलाई 2026 को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी सांकेतिक हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की घोषणा की है।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि कर्मचारियों की मांगों की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पड़ाव है। संगठन को विश्वास है कि शासन अपने आश्वासनों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो महासंघ सभी साथियों के साथ विचार-विमर्श कर आगामी रणनीति की घोषणा करेगा।
महासंघ ने सभी कर्मचारियों से संगठन की एकता, अनुशासन एवं विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए उनके सहयोग, धैर्य और समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.