43 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद प्रधान पाठक खुबीराम यादव को भावभीनी विदाई
सिमगा। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सीतापार (हंथबंद) में प्रधान पाठक खुबीराम यादव के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं पालकों द्वारा भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उनके 43 वर्षों के उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित सेवाओं को भावपूर्ण शब्दों में याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य अंजू बबलु पटेल ने की। विशेष अतिथि के रूप में सरपंच कुंती अकबर साहू, सद्भावना मंच सिमगा-भाटापारा परिक्षेत्र अध्यक्ष मुबारक हुसैन, जनवादी लेखक संघ के जिला अध्यक्ष चोवाराम वर्मा 'बादल' तथा संकुल प्राचार्य बलराम धुर्वे उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि श्री यादव ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह, सरल स्वभाव और शिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक खुबीराम यादव का शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। ग्रामवासियों, पालकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने भी उन्हें स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह में पंच धीरज कुर्रे, रम्मन कुर्रे, नंदिनी साहू, समन्वयक अखिलेश सोनी, प्रभारी प्रधान पाठक दुर्गेश कुमार दुबे, प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक रामनारायण वर्मा, शिक्षक कीर्ति टंडन, भारती ध्रुव, संतोषी ध्रुव, जोगेश्वर साहू, शाला विकास समिति के अवधराम साहू, दुखुराम ध्रुव, ग्रामवासी, पालकगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.