यातायात पुलिस की विशेष जांच अभियान में 209 वाहन चालकों पर हुई कार्यवाही
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - सड़क सुरक्षा एवं स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये यातायात पुलिस , पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के बाहर विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान प्रारंभ करने से पूर्व यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी नाबालिग छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन चलाकर विद्यालय आने की अनुमति ना दी जाये। साथ ही सभी विद्यालयों से कहा गया कि वे इस संबंध में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी लिखित एवं मौखिक रूप से जागरूक करें तथा यह जानकारी दें कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है एवं नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। इसी अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों का भी सघन निरीक्षण किया गया। बसों के आवश्यक दस्तावेज , फिटनेस , सुरक्षा मानकों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके अतिरिक्त बस चालकों एवं परिचालकों का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया , ताकि विद्यार्थियों का सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जा सके। विद्यालयों के बाहर प्रतिदिन चलाये जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पिछले 06 दिवसों में कुल 209 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। इनमें 67 स्कूल ऑटो तथा 142 नाबालिग वाहन चालक शामिल हैं , जो नियमों का उल्लंघन करते पा गये। कार्यवाही के दौरान नाबालिगों द्वारा चलाये जा रहे दोपहिया वाहनों को नियमानुसार जब्त किया जा रहा है। संबंधित वाहन मालिकों एवं अभिभावकों को यातायात कार्यालय बुलाकर मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुये विस्तृत समझाइश दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि नाबालिग को वाहन उपलब्ध कराना भी दंडनीय अपराध है तथा भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर वाहन मालिक एवं अभिभावक के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। यातायात पुलिस रायपुर सभी अभिभावकों से अपील करती है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया अथवा अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति ना दें। बच्चों की सुरक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में जनसहभागिता एवं अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यातायात पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.