छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, छात्र हितों की आवाज बुलंद
CNI NEWS दिलीप सोनवानी, कोटा विधानसभा |जिला बिलासपुर से विशेष रिपोर्ट
कोटा,बिलासपुर - नई दिल्ली में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं छात्रों की समस्याओं को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में कोटा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
यह प्रदर्शन जय स्तंभ चौक से नाका चौक कोटा तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र, युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। वक्ताओं ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यक्रम में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव एवं जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष श्री महेंद्र गंगोत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है और सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलताओं पर संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए, ताकि छात्रों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही नई दिल्ली में छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग भी उठाई गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई मांगें रखीं, जिनमें परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, छात्रों के हितों की सुरक्षा, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा छात्र आंदोलनों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग प्रमुख रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य की लड़ाई है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने छात्रों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से किया जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और आयोजकों ने भविष्य में भी छात्र हितों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
रिपोर्टर : दिलीप सोनवानी
CNI NEWS, बिलासपुर
मो, 9340810592



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.