अधूरे गौरव पथ को लेकर कांग्रेस का 3 दिन का अल्टीमेटम, निर्माण शुरू नहीं होने पर कीचड़ में धरना
बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अधूरे गौरव पथ निर्माण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के उपाध्यक्ष भागवत प्रसाद साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम तहसीलदार बिलाईगढ़ को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि गौरव पथ कॉलेज, अस्पताल, तहसील, एसडीएम कार्यालय, छात्रावास सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा होने तथा बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्कूली बच्चे, छात्र-छात्राएं, मरीज एवं आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को तीन दिवस के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू नहीं किया गया तो अधूरे गौरव पथ पर कीचड़ में बैठकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर केशव साहू, अहमद खान, राकेश मानिकपुरी, अमृत साहू, उजाला साहू, चीकू, सोनू, आदित्य, तुषार, बालकृष्ण, राकेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रति पर 23 जुलाई 2026 की प्राप्ति भी अंकित है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.