पिथौरा के 4 होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों का अंडर 14 जिला स्तर पर हुआ चयन।
क्रिकेट टीम में चयन के बाद पिथौरा रेस्ट हाउस में हुआ सम्मान।
नगर पंचायत पिथौरा के अध्यक्ष देवेश निषाद एवं पीसीए के संयोजक सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा रहे मौजूद।
पिथौरा। पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (PCA) के चार होनहार खिलाड़ियों खुशाल यादव, प्रण दानी, चेतेंद्र साहू और तनमय निषाद का जिला स्तरीय स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट के अंडर-14 (U-14) वर्ग के लिए चयन हुआ है।
इस उपलब्धि पर स्थानीय रेस्ट हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहाँ चारों खिलाड़ियों को पीसीए की आधिकारिक स्पोर्ट्स टी-शर्ट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-14 स्तर पर चार खिलाड़ियों का चयन अकादमी के सुनियोजित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होता, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पिथौरा का नाम रोशन करेंगे।
पीसीए के संयोजक एवं सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पिथौरा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि पिथौरा क्रिकेट एकेडमी द्वारा जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने का कार्य सराहनीय है तथा प्रतिभाओं का सम्मान उनके मनोबल को नई ऊँचाइयाँ देता है।
इस अवसर पर पीसीए के संरक्षक सुधीर प्रधान, लक्ष्मीकांत (बबलू) सोनी, आकाश अग्रवाल एवं विक्की सलूजा ने भी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
सम्मान समारोह में रमेश श्रीवास्तव, कोच सुनील यादव, दुर्गेश सोनी, अविनाश मित्तल, दिलीप ठाकुर, पोलेश मिश्रा, रोमन साहू, मनोज खालसा और मानस साहू सहित नगर के समाजसेवियों, खेलप्रेमियों एवं पीसीए परिवार के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.